Live Score IND vs BAN: दूसरे दिन का खेल खत्म
दूसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। बांग्लादेश ने दूसरी पारी में बिना कोई विकेट गंवाए सात रन बना लिए हैं। जाकिर हसन और नजमुल हसन शान्तो क्रीज पर जमे हुए हैं। भारत ने पहली पारी के आधार पर 87 रन की बढ़त ली थी और टीम इंडिया अभी भी 80 रन आगे हैं। मैच के तीसरे दिन बांग्लादेश की टीम भारत की बढ़त खत्म कर टीम इंडिया के सामने बड़ा स्कोर रखना चाहेगी।
मैच में अब तक क्या हुआ?
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने अच्छी शुरुआत की और पहले विकेट के लिए नजमुल हसन और जाकिर की जोड़ी ने 39 रन जोड़े। 12 साल बाद टेस्ट में वापसी करने वाले जयदेव उनादकट ने भारत को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने जाकिर हसन को लोकेश राहुल के हाथों कैच कराया। इसके तीन गेंद बाद ही अश्विन ने शान्तो के पवेलियन भेज दिया। मोमिनुल और कप्तान शाकिब ने तीसरे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी की। उमेश ने शाकिब को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बांग्लादेश की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही।
मोमिनुल एक छोर पर जमे रहे, लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। मोमिनुल ने कई बल्लेबाजों के साथ 40 रन से ज्यादा की साझेदारी की, लेकिन अर्धशतकीय साझेदारी नहीं कर सके। बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा 84 रन मोमिनुल हक ने बनाए। 26 रन बनाने वाले मुश्फिकुर रहीम टीम के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे। लिटन दास ने 25 और शान्तो ने 24 रन की पारी खेली। भारत के लिए उमेश यादव और रविचंद्रन अश्विन ने चार-चार विकेट लिए। वहीं, जयदेव उनादकट को दो विकेट मिले। अंत में बांग्लादेश की टीम 227 रन पर सिमट गई।
भारत की पारी में क्या हुआ?
बांग्लादेश के 227 रन के जवाब में भारत की शुरुआत कुछ खास नहीं थी। कप्तान लोकेश राहुल 10 रन बनाकर आउट हो गए। शुभमन गिल 20 रन पर आउट हुए। चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली 24 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 94 रन पर भारत के चार विकेट गिर गए थे। इनमें से शुरुआती तीन विकेट तैजुल इस्लाम ने लिए थे और टीम इंडिया को मुश्किल में डाल दिया था।
पंत-अय्यर ने संभाली पारी
इसके बाद श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत ने भारतीय पारी को संभाला दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 159 रन की साझेदारी हुई। हालांकि, दोनों ही खिलाड़ी शतक से चूक गए। पंत ने 105 गेंद में 93 और अय्यर ने 105 गेंद में 87 रन बनाए। इन दोनों ने भारत का स्कोर 94/4 से 253/5 तक पहुंचाया। हालांकि, पंत के आउट होते ही भारतीय पारी लड़खड़ा गई। भारत ने अपने आखिरी छह विकेट 62 रन के अंदर गंवा दिए। इस मैच में भारत के पुछल्ले बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए।
बांग्लादेश के लिए शाकिब अल हसन और तैजुल इस्लाम ने चार-चार विकेट लिए। तस्किन अहमद और मेहदी हसन मिराज को एक-एक विकेट मिला।
बांग्लादेश ने दूसरी पारी में बिना कोई विकेट गंवाए सात रन बना लिए हैं। भारत के पास अभी भी 80 रन की बढ़त है। बांग्लादेश के जाकिर हसन और शान्तो क्रीज पर मौजूद हैं।
0 Comments